IPL 2021: मुंबई इंडियंस ने अबुधाबी में खेला पूल वालीबॉल, जमकर की मस्ती- वीडियो
IPL 2021: मुंबई इंडियंस ने अबुधाबी में खेला पूल वालीबॉल, जमकर की मस्ती- वीडियो

आईपीएल 2021 के दूसरे चरण के शुरू होने में अब एक महीने से भी कम का समय बचा है। आईपीएल का पहला चरण भारत में खेला गया था और दूसरा चरण यूएई में खेला जाएगा। टीमें यूएई में पहुंच रही हैं। आईपीएल इतिहास की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस भी यूएई पहुंच चुकी है। हालांकि अभी टीम के साथ सीनियर खिलाड़ी नहीं जुड़े हैं। रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव और जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ी इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा सीरीज खत्म होने के बाद जुड़ेंगे। कीरोन पोलार्ड और ट्रेंट बोल्ट जैसे दिग्गज खिलाड़ी भी आने वाले हफ्ते में टीम के साथ जुड़ जाएंगे। आईपीएल शुरू होने से पहले मुंबई पलटन अबुधाबी में स्विमिंग पूल में वालीबॉल खेलती नजर आई।
मुबंई इंडियंस ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल से मस्ती करते हुए इन खिलाड़ियों का वीडियो शेयर किया। वीडियो पोस्ट करते हुए मुंबई इंडियंस ने लिखा, ‘क्वारंटाइन खत्म होने के बाद पूल वालीबॉल के खेल के लिए सीधे गोता लगाते हुए।’ इस वीडियो में फैन्स को ईशान किशन और धवल कुलकर्णी जैसे खिलाड़ियों की एक झलक मिल गई। इन दोनों के अलावा कुछ भारत के घरेलू क्रिकेटर भी दिखाई दिए।
बता दें कि आईपीएल 2021 के दूसरे चरण का पहला मैच 19 सितंबर को चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच दुबई में खेला जाएगा। मौजूदा आईपीएल चैंपियन मुंबई की नजर अपने पांचवें खिताब पर होगी। मौजूदा आईपीएल की बात करें तो फिलहाल अंक तालिका में मुंबई इंडियंस चौथे स्थान पर है। आईपीएल के दूसरे चरण में मुंबई अपने प्रदर्शन को सुधारना चाहेगी।